Text selection Lock by Hindi Blog Tips

शनिवार, 24 नवंबर 2012

नए एहसास....




कुछेक शेर....
नए एहसास....
नए रंग.....
नए हम....
नए तुम......






करते है बात अपनी..........मुझे आज़माते हैं....
कैसे नादाँ है....रखते हैं राज़ भी और खुद ही बताते है !!
****************************************

मोहब्बत का कभी भी सौदा न  किया हमने ....
ये फितरत थी तुम्हारी दे दिया दिल हर हसीना को !!
****************************************

झूठ की बुनियाद बहुत कमज़ोर होती है यारों..
ज़रा सी डगमगाई तो महल तक टूट जाते हैं...!!
****************************************

मेरे अश्कों के लिए था तेरा दामन ही बहुत
तुझको ये भी तो बहुत नागवार गुज़रा है....!!
****************************************

वफा की पाकीजगी पे हम शक नहीं किया करते...
तुम बेवजह मुझे इलज़ाम दिए जाते हो...!!
****************************************

यकीं तुम पर मुझे जाना...कभी खुद से जियादा था...
मगर कम्बखत दिल मेरा बस इस धोखे में आ गया !!
*****************************************

समझते जाते थे हम अब तक तुम्हारी सारी ख़ामोशी 
मगर तुमने ही दे दी है.......जुबां ज़ज्बात को मेरे..!!! 





फितरत.....











           मुहब्बत की तिजारत हम नहीं किया करते....

           ये फितरत थी तुम्हारी दे दिया दिल हर हसीना को !

           भूल जाना...भुला देना...बहुत आसां है कह देना... 

           मगर क्या भूल पाए तुम...अपने गुजरे माज़ी को !!





शुक्रवार, 23 नवंबर 2012

मेरी नज़र में.......






वल्लाह न कहू तो तुझे और क्या कहूँ....
बन कर गज़ल तू मेरे जेहन में उतर गया...!

चाहा था लाख तुझको भुला दूँ...मगर नहीं
तस्वीर बन के मेरी नज़र में उतर गया....!

तेरा जमाल..तेरी मुहब्बत का शुक्रिया...
जब से मिला है मुझको..तू मुझमें ठहर गया..!

औरों का न ख्याल है...न अपना अब रहा...
बस तू ही नज़र आता है...जब भी जिधर गया...!

ए मेरे सनम..मेरे खुदा...तुझको क्या कहूँ..
तू रूह बन के मेरे जिसम में उतर गया.....!






मंगलवार, 20 नवंबर 2012

तितली या कठपुतली मत बनिये -महादेवी वर्मा


खंडवा ( मध्य प्रदेश ) के शासकीय कन्या महाविद्यालय में दिया गया प्रखर चिंतक--कवियत्री महादेवी वर्मा का यह व्याख्यान आप को साझा कर रही हूँ ! इसके लिए मैं आभारी हूँ श्री सुनील दत्ता जी  और  "लोक गंगा" पत्रिका की जहाँ से मैंने इसे प्राप्त किया .......



तितली या कठपुतली मत बनिये -महादेवी वर्मा

          मुझे पता नहीं था कि आप के बीच आना है दिन भर घूमती रही अन्त में यहाँ आई हूँ तो बहुत थकी हूँ | आप से बहुत बात करना चाहती थी लेकिन बंधुओ ने मौका नहीं दिया | अब आप से इतना कहना चाहती हूँ कि  भारत का भविष्य आपके हाथ में है , लड़को के हाथ में नही है हमारे यहाँ लड़की जन्म लेते ही पराई हो जाती है | सब कहते है , अरे , लड़की हो गई, जो सुनता है , आह कर के रह जाता है और जब वह बड़ी होती है तो सब कहते है , पराए घर का धन है , याने वह धन है , सम्पत्ति है , जीवित व्यक्ति नहीं है , सामान है , और अगर किसी ने दहेज कम दिया तो उसे जला देते है , सो हमारे यहा लड़की को बहुत सहना होता है |
                       लेकिन हमारी संस्कृति ने हमें बहुत शक्ति दी है | देखिये , ब्रह्मा के चार मुँह है , सो कोई नहीं जानता उनको क्यों बनाया क्योंकि चार मुँह से हो सकता है , चार तरह की बात करते रहे होंगे | बनाया तो सरस्वती को है | सरस्वती एक बात करती है | हमारे ज्ञान की अधिष्ठात्री है |हाथ में वीणा लिए हुए है , पुस्तक लिए हुए है , अक्षमाला लिए हुए है | समय , हर क्षण का प्रतीक है वो | और समय के लिए सृजन का प्रतीक है |
                               आप देखिये , ऐश्वर्य मिलता है घर मिलता है , लेकिन अगर घर में पत्नी न हो , बहन न हो ,माँ न हो तो कैसा घर है | वास्तव में वह लक्ष्मी है | शिव उस के मस्तक पर है | श्वेताबरा  है , सब को मंगलमय रखती है और जब आसुरी शक्तियाँ ध्वस्त करने लगती है तो वह आसुरी शक्तियों पर आरूढ़ होती है , तब वह सिंहवाहिनी होती है , दुर्गा होती है | बड़ी शक्ति है उसमें | प्रारम्भ में संस्कृति ने हमे महत्व दिया , लेकिन समाज ने धीरे -- धीरे हमारा महत्व छीन लिया , कब छीन लिया ? जब आप कमजोर बनी , सिर्फ लक्ष्मी रह गई , सम्पत्ति बन गई |
                                           आप जो नए युग की नारी हैं , आप को बड़ा काम करना है | अपनी शक्ति को पहचानना है | सम्पत्ति होना अस्वीकार कर दो | सामान है क्या आप ? सब आप को सामान मानते है और अगर पति न रहे , तो जैसे खिलौना फेंक देता है बच्चा , ऐसे स्त्री को फेंक देते है | कानून ने हमें बहुत अधिकार दिए है | लेकिन कानून पात्रता नही देगा | पात्रता आप से आएगी | हमारा युग बड़ा कठिन था | हमे लड़ाई लड़नी पड़ी | पुलिस की लाठियों के सामने , गोलियों के सामने खड़े रहे और फिर पढ़ने के लिए चारों ओर भटकते रहे | आप को सब सुविधायें  है | इसलिए आप देश को बनाइए जैसा  आप बनाएगी , वैसा देश बनेगा | तो आप इस भारत की धरती की तरह , जैसे सीता को भूमिजा कहते है , वैसे भूमिजा है आप...आप सीता बनिये | मान लिया कि  राम रक्षा करने गये थे | वन में चले गये थे कि रक्षा करेंगे , लेकिन रावण के यहाँ  रक्षा कौन करता था सीता की ? वह तो राम लक्ष्मण नहीं थे | उन्हें पता नही था | ढूढ़ रहे थे | सीता ने अपने वर्चस्व से , अपनी शक्ति से अपनी रक्षा की | रावण उसको अपने प्रासाद में भवन में नही ले जा सका | अशोक वाटिका में रखा |
                               और उसकी शक्ति देखिये | अग्नि परीक्षा दी उसने | और उसका तेजस्वी रूप देखिये | जब राम ने कहा , लव -कुश बड़े हो और राम , लव -कुश से हार गये तो उन्होंने सीता से कहा कि अब अयोध्या की महारानी होइए और अयोध्या चलिए | सीता ने इनकार कर दिया | राम ने कहा प्रजा के सामने सिर्फ परीक्षा दे दीजिये | अस्वीकार कर दिया उसने |
                          कोई माता अपने पुत्रो के सामने परीक्षा देती है ? अपने सतीत्व के लिए ? नहीं देती है | तो सीता ने अस्वीकार कर दिया और राम ने जब बहुत कहा तो सीता ने धरती में प्रवेश कर लिया |
अब उस की शक्ति देखिये | वो चाहती तो राम के हाथ पाँव जोडती , अयोध्या की रानी हो जाती , लेकिन उसने नहीं होना चाहा | ऐसा पति जो किसी के कहने से ,पति का कर्तव्य भूल जाए , उसके साथ क्यों जायेगी ? नहीं गई वह | सो मैं बार -बार कहती हूँ | सीता बनो , तुम्हारा उत्तर होना चाहिए , हम तो सीता है ही हम तो धरती की पुत्री है | स्वंय शक्ति रखती है | वह आप का घर बनाती है | आपको सुख देती है | आपको मंगलमय बनाती है | कितने रूपों में पुरुष को सहयोग देती है | वह पति को कितना आत्मत्याग सिखाती है | पुत्र को कितना तेजस्वी बनाती है | वह तो मानव जीवन की निर्मात्री है | जीवन की श्रुति है वह | बड़े से बड़ा व्यक्ति भी उसकी गोद में आएगा , चाहे राम हो कृष्ण हो बुद्ध हो, किसी माता की गोद में किसी माता के आंचल की छाया में बड़ा होगा | उसकी आँखों के सपने अपने आप को देखेगा | वह उसे अंगुली पकड कर चलना सिखाएगी | आप अपने को छोटा मत समझिये |
                               आपके भी कुछ कर्तव्य है | हमने देखा , आधुनिका बनने के लिए , लडकियाँ घंटे भर घुंघराले बाल बनाएगी | आँखों में काजल लगाएगी , होठ रंगेगी , चेहरा रंगेगी | एक जगह हम गये तो रंगे चेहरे वाली लडकियाँ सामने बैठी थीं | हमने कहा , पहले मुँह धोकर आओ , हम तो पहचान नही पाती आप को |
                               आदमी तो आदमी है न | वह आपको कठपुतली बना देता है | आप लड़के को कोई खिलौना दे दीजिये तोड़कर देखेगा | लेकिन लड़की घर बसाएगी , गृहस्थी बसाएगी , घरौदा बनाएगी , उसमें गुड्डे -- गुड्डी बैठाएगी | उनका व्याह रचाएगी , यानी यह सब कुछ जानती है | छोटी लड़की भी | और लड़के को देखिये तो उसकी टांग तोड़ देगा , सर फोड़ देगा | पुरुष का स्वभाव ही आक्रामक है | अगर स्त्री उसे संयम नहीं सिखाएगी तो फिर वह संयम से नही रहता || हमारे युग के एक बड़े व्यक्ति ने कहा कि राष्ट्र स्वतंत्र नहीं होगा , यदि उसकी नारी जो शक्ति है वो स्वतंत्र नही होगी | जितनी कला है वह आप के पास है | जितनी विद्या है , वह आप के पास है | आप तितली या कठपुतली मत बनिये | साक्षात शक्ति स्वरूपा हैं आप | आप शक्ति को पहचानिए और देश को बनाइए | मेरी मंगलकामना आपके साथ है |





शनिवार, 3 नवंबर 2012

रिश्ते.....







                                                         तन की आवश्यकता तो कहीं भी पूरी की जा सकती है...किन्तु इंसान भावनात्मक तौर पर जुड़ना चाहता है...वर्ना हर रिश्ता समझौता है..! नज़दीक रह कर भी आदमी आदमी को नहीं पहचानता...हाथ मिलते हैं....शरीर भी मिलते हैं......पर दिल.....???
दिल नहीं मिलते !
                                                अगर फूल में रंगत हो, कोमलता हो, ताज़गी हो लेकिन खुशबू न हो...तो वो फूल कैसा....????
                     संबंधों में मधुरता और एक-दुसरे के लिए सम्मान ज़रूरी है तभी सम्बन्ध फलते फूलते हैं और ताउम्र चलते हैं...! झूठ, दंभ, दिखावा, बड़बोलापन और अपशब्दता किसी भी सम्बन्ध को बेवक्त और बेमौत मारने के लिए काफी है....!!