Text selection Lock by Hindi Blog Tips

शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2015

***पसंद अपनी अपनी***



कभी इज़हार करता है कभी इनकार करता है..
अजब मेरा सनम ये गलतियाँ सौ बार करता है..!

ये दिल यूँ रूठ बैठा है न जाने क्या कहा उसने...
फ़िक़र मेरी नहीं अब वो हुज़ूरे यार करता है...!

मुहब्बत कातिलाना है,वफ़ा उसकी, जफ़ा उसकी...
सितम पर बस सितम ढाये यही दिलदार करता है...!

कोई खामोश रहता है सुहानी रात में भी यूँ...
वही हो यार अपना जो निगाहें चार करता है..!

हमारे दिल में रहता है वो अब तक मुफ़्त में 'पूनम'..
यही उसका किराया है वो हमसे प्यार करता है...!


गुरुवार, 12 फ़रवरी 2015

दाँव......



मेरे सामने आते ही
तुम्हारे चेहरे की
सारी परतें उतरने लगती हैं
तुम्हारा झूठ
तुम्हारे ही ठहाकों के साथ
उतने ही जोर से 
बोलने लगता है
तुम्हारे जोर से कहे हुए
हर शब्द के पीछे से
तुम्हारे आँखों में छुपी
ग्लानि चीखने लगती है
लोगों को भले ही
तुम कुछ भी बताओ
लेकिन मेरे सामने 
तुम्हारी जुबां से निकले 
हर शब्द निरर्थक हो जाते हैं...!
जानते हो क्यूँ...??
क्यूँकि...
तुमने अपने जीवन में
शरीर और मन की
सत्यता और पवित्रता...
दोनों को दाँव पर लगा दिया है...!!

***पूनम***


शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2015

नया सा नूर जैसे छा रहा है....





नया सा नूर जैसे छा रहा है... 
अँधेरा दूर होता जा रहा है...!

कोई बैठ़ा पस-ए-चिलमन है गोया, 
हमारे दिल को जो धड़का रहा है...!

गुजारी हिज़्र में इक उम्र हमने...
करीब अब वक़्त हमको ला रहा है..!

बहुत शिद्दत से चाहा है उन्हें पर... 
न जाने दिल क्यूँ धोखा खा रहा है...!

हमारी बज़्म हो उनको मुबारक..
वो आये...उठ के कोई जा रहा है...!

नहीं हम प्यार करते हैं किसी से... 
तो 'पूनम' दिल क्यूँ उन पे आ रहा है..!


***पूनम***


सोमवार, 19 जनवरी 2015

इश्क़ की रस्म....





शाम कुछ इस तरह से आई है
ज़िन्दगी जैसे गुनगुनाई है ...!

तीरगी दूर छुप के बैठ गई...

रात दुल्हन सी झिलमिलाई है...!

साथ वो अब मेरे नहीं आता...

उसकी यादों से आशनाई है...!

वो मुझे याद कर परीशां हो...

इश्क़ की रस्म यूँ निभायी है...!

रात 'पूनम' की जब हुई रौशन...

चाँदनी हुस्न में नहाई है...!



19/01/2015

उदयपुर


सोमवार, 24 नवंबर 2014

मुखौटे........




जहाँ आस्था है..
वहाँ विश्वास है...!
जहाँ प्रेम है.. 
वहां समर्पण है...!
और जहाँ सादगी है..
वहाँ ये सब  एकसाथ हैं...!
असल में हमने 
अपना स्वाभाविक रूप ही
खो दिया है कहीं...!
सादगी न जाने 
कितनी परतों में
छुप गयी है...!!
हर चेहरे पर न जाने कितने
मुखौटे चढ़े हुए हैं कि...
सादगी को अपना चेहरा
आजकल खोजे नहीं मिल रहा है...!!
देखिये तो....
आपके पास कितने मुखौटे हैं...??


धर्मशाला से.....
18/11/2014


रविवार, 16 नवंबर 2014

अपना रास्ता...





किसी भी भाषा में बात करो
उदासी रोशन करने के लिए
शब्दों के दिए की...
ज़रूरत नहीं होती...!

सपनों का अस्तित्व है..
वो किसी तरह भी नहीं छुपते..!

माथे पर बेचैनी की लकीरें
अपाठ्य हों फिर भी
सब तो नहीं...
हाँ...
हर काल में कुछ लोगों के लिए
पठनीय हो ही जाती हैं...!

नदियाँ पगडंडियों के साथ ही बहती हैं...
राजमार्गों के साथ नहीं..
इसलिए नदी के किनारे की जमीन
बंजर हो ही नहीं सकती...! :)
हाँ...
जिद की फसल उपजेगी या नहीं..
ये तो विधाता जानता है..
या फिर...
फसल बोने वाला...!!

कोई भी रास्ता हो...
खुद तक पहुँचना बहुत आसान होता है..!
खुद की कोई सरहद नहीं..
न पगडंडी...
न राजमार्ग...
न नदी...
न पेड़....!
कोई रास्ता नहीं...
कोई संकेत नहीं...!
अपनी अव्यक्त दुनिया की अभिव्यक्ति...
क्या तुम स्वयं नहीं...!!

***पूनम***
On my way to Dharmshala...
16/11/2014

शनिवार, 4 अक्टूबर 2014

आप की दिल्लगी को क्या कहिये.....





आप की दिल्लगी को क्या कहिये..
आप ही न सुने..तो क्या कहिये..!

हम तो जागा किये हैं रातों को..
आप ही सो गये..तो क्या कहिये...!!

इश्क में आपके नशा सा है..
हम नहीं होश में..तो क्या कहिये..!

फूल ही फूल हर तरफ दिखते..
आप ही हैं चमन..तो क्या कहिये..!

मैं कहूँ और आप आ जाएँ..
ऐसी किस्मत नहीं..तो क्या कहिये...!

रात बीती वो सुबह आई है..
रौशनी हो गयी..तो क्या कहिये...!

आप आये तो मेरी महफिल में..
मुस्कुराई फिजा..तो क्या कहिये...!

बेकरारी में भी करार मिले..
आप आयें अगर..तो क्या कहिये...!

राह पर अब निगाह है मेरी..
उनकी आहट मिली..तो क्या कहिये...!

कान में गुनगुना गया कोई..
वो नहीं सामने..तो क्या कहिये...!

चाँदनी इस कदर है शरमाई..
रात पूनम हुई..तो क्या कहिये..!


***पूनम***
5/10/2014